इंदौर:
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के विशेष अभियान के तहत सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण कर 535 किलोग्राम संदेहास्पद खाद्य सामग्री जब्त की गई है। जब्त सामान की कीमत 3 लाख रुपए से अधिक है।
अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान प्रमुख प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं:
- चंदन नगर (सिंध डेयरी फार्म): बिना वैध लाइसेंस के पनीर और घी का निर्माण मिलने पर 149 किलो घी और 103 किलो पनीर जब्त किया गया। साथ ही लाइसेंस मिलने तक निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई।
- पालदा बारदान मंडी (नारायण इंटरप्राइजेज): गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर 255 किलो घी सील किया गया, जिसकी कीमत करीब 1.53 लाख रुपए है।
- सियागंज (कमलेश ट्रेडर्स): गुजरात निर्मित महीसागर घी का नमूना लेकर 28 किलो घी सील किया गया।
- बड़ी ग्वालटोली (आशुतोष बॉयज हॉस्टल): ऑनलाइन शिकायत मिलने पर हॉस्टल के किचन से रॉ मैटेरियल और तैयार खाने के 3 सैंपल लेकर साफ-सफाई के कड़े निर्देश दिए गए।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शुद्धता और स्वच्छता का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




