भोपाल: कमला नगर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। 37 वर्षीय ट्रक ड्राइवर राहुल सोनेरे ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के वक्त राहुल की पत्नी और तीनों बेटियां घर से बाहर झांकियां देखने गई थीं। जब परिवार देर रात लौटा और घर का दरवाजा खोला, तो राहुल को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा। शनिवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। राहुल ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या राहुल पिछले कुछ दिनों से किसी मानसिक तनाव या परेशानी में थे। मामले की जांच जारी है।




