भोपाल। शाहपुरा इलाके के बंगाली मोहल्ला स्थित एक घर में शनिवार रात चल रही जुए की फड़ पर पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 जुआरियों को हिरासत में लिया है, जिनमें एसएएफ (SAF) के दो जवान भी शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से 1 लाख 4 हजार रुपए नकद, 14 मोबाइल और ताश की गड्डियां जब्त की हैं।
किराएदार के घर चल रहा था जुआ
शाहपुरा पुलिस के मुताबिक, जे-36 बंगाली मोहल्ला स्थित विकास वशिष्ठ के घर पर अवैध रूप से जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी। पकड़े गए आरोपियों में भोपाल के अलग-अलग इलाकों (जैसे कटारा हिल्स, शाहजहांनाबाद, कोलार, हबीबगंज आदि) के लोग शामिल हैं।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह फड़ यहां कितने समय से चल रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग संलिप्त हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुए एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।




