निशातपुरा थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की घटना, मछली पकड़ने जाते समय पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मछली पकड़ने जा रहे तीन दोस्तों में से एक ने चलती बाइक पर अपने ही दोस्त के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला?
निशातपुरा पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 21 वर्षीय इखलास ताशी (निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) के रूप में हुई है, जो पेंटरी का काम करता था। रविवार सुबह ताशी अपने दो दोस्तों—अलीम उर्फ अल्लू और एक अन्य युवक के साथ बाइक पर सवार होकर मछली पकड़ने जा रहा था।
बाइक तीसरा साथी चला रहा था, जबकि ताशी बीच में और अलीम सबसे पीछे बैठा हुआ था। रास्ते में अचानक अलीम ने अपनी पिस्टल निकाली और बीच में बैठे ताशी के सिर से सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और ताशी की मौके पर ही मौत हो गई।
डरा-धमकाकर तीसरे साथी को भगाया
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अलीम ने बाइक चला रहे तीसरे युवक को भी पिस्टल दिखाकर डराया-धमकाया। आरोपी उसे जबरन बाइक पर बैठाकर सिंधी कॉलोनी तक ले गया। वहां पहुंचने के बाद अलीम मौके से फरार हो गया। आरोपी के चंगुल से छूटने के बाद घबराया हुआ तीसरा युवक तुरंत वापस घटनास्थल पर लौटा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
15 दिन पहले हुआ था विवाद
सूचना मिलते ही निशातपुरा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवा दिया है और मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 15 दिन पहले ताशी और अलीम के बीच एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों में जमकर मारपीट हुई थी जिसमें ताशी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। हालांकि, बाद में आपसी समझाइश से मामला सुलझ गया था, लेकिन पुलिस को आशंका है कि अलीम के मन में पुरानी रंजिश अब भी बनी हुई थी, जिसके चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई: आरोपी अलीम उर्फ अल्लू की तलाश के लिए पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।



