हाटपिपलिया / देवास:
मध्य प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कैलोद में 97.62 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले राजौदा-कैलोद से डबलचौकी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़कर वर्चुअली संबोधित किया और क्षेत्रवासियों को इस बड़ी सौगात की बधाई दी।
इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के 25 गांवों की 70 हजार से अधिक आबादी को आवागमन में भारी सहूलियत मिलेगी। गड्ढों और संकरे मार्गों से मुक्ति मिलने से न केवल सफर सुगम होगा, बल्कि व्यापार, कृषि उपज के परिवहन और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में भी सुगमता आएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में मध्य प्रदेश में सड़क व अधोसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) विकास के कार्य पूरी गति से आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश सरकार ग्रामीण इलाकों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और संपर्क मजबूत करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर देवास भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव, हाटपिपलिया विधायक श्री मनोज चौधरी, खातेगांव विधायक श्री आशीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।











