भोपाल:
उज्जैन से लेबर इंस्पेक्टर की परीक्षा देने भोपाल आए 27 वर्षीय पवन बामनिया की बैरागढ़ स्थित डेल्टा होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लगातार मिल रही असफलताओं और मानसिक तनाव का जिक्र है।
घटना का विवरण:
पवन 25 सितंबर को भोपाल आया था और बैरागढ़ के डेल्टा होटल में ठहरा था। 26 सितंबर को लेबर इंस्पेक्टर की परीक्षा थी। शनिवार देर रात तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया और दरवाजा अंदर से बंद मिला, तो होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बरामद किया और कमरे को सील कर दिया।
सुसाइड नोट में छलका दर्द:
पुलिस द्वारा बरामद सुसाइड नोट के अनुसार, पवन लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। नोट में उसने लिखा कि उसने बहुत कोशिश की, लेकिन बार-बार मिल रही असफलताओं और पीछे रह जाने के कारण वह अंदर से टूट चुका था। उसने अपनी इस असफलता के लिए परिवार से माफी मांगी और माता-पिता व बहनों के प्रति प्यार जताया।
परीक्षा में शामिल होने पर संशय:
होटल के कमरे से पवन का एडमिट कार्ड या परीक्षा का पर्चा नहीं मिला है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह परीक्षा में शामिल हुआ था या नहीं। रविवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



