छतरपुर जिले के बिजावर बस स्टैंड स्थित एक दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने लकी टेंट हाउस और अंडा व्यापारी इशहाक खान की दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे अस्सी हजार रुपए नगद पार कर दिए। व्यापारी ने यह रकम अगले दिन किसी अन्य व्यक्ति को भुगतान करने के लिए रखी थी।
मंगलवार सुबह जब व्यापारी दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त मिला और नकदी गायब थी। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी बिजावर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की पहचान और तलाश कर रही है, साथ ही आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल तो की है, लेकिन अभी तक मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। बस स्टैंड इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय कारोबारियों में चिंता का माहौल है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।



