इंदौर:
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने चोला मंडल फाइनेंस कंपनी के एक पूर्व कर्मचारी और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। राऊ निवासी हर्ष शर्मा ने इस मामले की शिकायत की थी।
शिकायत के अनुसार, साल 2023 में प्रॉपर्टी ब्रोकर गौरव खंडेलवाल ने हर्ष की मुलाकात सुरेंद्र नाथ ओझा उर्फ नवीन ओझा से कराई थी, जिसे फाइनेंस कंपनी का बड़ा अधिकारी बताया गया था। व्यापार के लिए लोन की जरूरत होने पर आरोपियों ने तिलक नगर मुक्तिधाम के पास 20 से 25 लाख रुपए कीमत का एक प्लॉट दिखाकर उसपर बड़ा लोन दिलाने झांसा दिया।
आरोपियों ने कंपनी के अन्य लोगों के साथ मिलकर इस प्लॉट की फर्जी सर्च और वैल्यूएशन रिपोर्ट तैयार करवाई और 25 लाख के प्लॉट पर 2 करोड़ 5 लाख रुपए का भारी-भरकम लोन पास करवा लिया। इसके बाद स्टांप ड्यूटी और आरटीजीएस के नाम पर हर्ष से कुल 30 लाख 75 हजार रुपए ऐंठ लिए।
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब हर्ष ने अपना लोन बंद कराने की बात कही। जांच में सामने आया कि नवीन ओझा कंपनी का अधिकारी नहीं बल्कि एक लोन एजेंट था जिसे कंपनी पहले ही निकाल चुकी थी। हर्ष द्वारा पैसे मांगने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



