ग्वालियर:
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और फॅमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सहयोग से शहर में छह दिवसीय परिवार नियोजन जागरूकता अभियान की शुरुआत हो गई है। जयारोग्य अस्पताल समूह के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना और अन्य विशेषज्ञों ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथ और रैली को रवाना किया।
अतिथियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को परिवार नियोजन के आधुनिक साधनों जैसे सबडर्मल इम्प्लांट और सुरक्षित मातृत्व के बारे में सही व सरल जानकारी देना है। यह अभियान अगले छह दिनों तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जाएगा, जिसके तहत बिगहोल्ड एक्टिवेशन के माध्यम से नुक्कड़ नाटक और रैलियां आयोजित होंगी। इसके जरिए महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और शिशु सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
विशेषज्ञों ने आमजन से अपील की है कि वे परिवार नियोजन से जुड़े किसी भी निर्णय के लिए स्वास्थ्यकर्मियों से उचित सलाह जरूर लें।




