भोपाल:
शहर के शाहपुरा थाना क्षेत्र के सी सेक्टर में बंसल अस्पताल के सामने सावेरिया चाय-नाश्ते की दुकान पर कुर्सी पर बैठने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक ऑटो चालक ने रैपिडो ड्राइवर पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवक के सिर और दाहिने हाथ की हथेली पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शाहपुरा सी सेक्टर निवासी 38 वर्षीय रामराज सिंह रैपिडो बाइक टैक्सी चलाते हैं। बीते गुरुवार रात करीब 10:45 बजे वह बंसल अस्पताल के पास स्थित एक चाय की दुकान पर कुर्सी पर बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां ऑटो चालक नसीम खान पहुंचा और कुर्सी पर बैठने को लेकर रामराज से बहस करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
चाकू से किया जानलेवा वार
जब रामराज ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी कमर में छिपाकर रखा चाकू निकाला और रामराज के सिर तथा दाहिने हाथ की हथेली पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे खून बहने लगा।
लोगों के बीच-बचाव से ब बची जान
हंगामे और शोर-शराबे को सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। जाते-जाते आरोपी नसीम खान ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना का एक वीडियो शनिवार को सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
पुलिस कार्रवाई
घायल रामराज ने थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उनका मेडिकल मुआयना कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपी की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।



