मध्यप्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल की सुगबुगाहट के बीच सरकार ने कड़ा कदम उठाते हुए पांढुर्णा के एसपी प्रकाश चंद्र परिहार को हटा दिया है। उनकी जगह विदिता धनखड़ को नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया है, जो इससे पहले सेनानी दूसरी वाहिनी SAF ग्वालियर में थीं। परिहार को पुलिस मुख्यालय (PHQ) में एआईजी (AIG) पदस्थ किया गया है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पांढुर्णा दौरे के महज दो दिन बाद हुई है।
क्या थी मुख्य वजह?
बीती 4 अक्टूबर को सीएम के दौरे के दौरान पांढुर्णा में किसानों ने सूखाग्रस्त फसलें हाथों में लेकर मुख्यमंत्री का काफिला रोक लिया था। किसान जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने और कर्ज माफी की मांग कर रहे थे। इस घटना को सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसके चलते यह गाज गिरी है।
जल्द आ सकती है 50 अफसरों की तबादला सूची
पांढुर्णा एसपी पर कार्रवाई के बाद अब प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि सरकार जल्द ही करीब 50 IAS और IPS अफसरों की बड़ी तबादला सूची जारी कर सकती है।
- नॉन-परफॉर्मर अफसर निशाने पर: सरकार को कुछ एसपी और अफसरों के दफ्तर न जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
- कलेक्टर और संभागायुक्त भी बदलेंगे: इस फेरबदल में कुछ जिलों के कलेक्टर और एक-दो संभागायुक्तों (Commissioners) के भी इधर-उधर होने की पूरी संभावना है।
शासन स्तर पर उन अधिकारियों को हटाया जा रहा है, जो सरकार की प्राथमिकताओं को पूरा करने में रुचि नहीं ले रहे हैं।




