भोपाल:
थाना ईंटखेड़ी में रविवार को पुलिसकर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक (देहात जोन) रुचिवर्धन मिश्र और पुलिस अधीक्षक (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय ने पुलिस बल के साथ ध्यान अभ्यास किया।
अधिकारियों ने कर्मचारियों को नियमित ध्यान, व्यायाम और संतुलित खानपान अपनाने की सलाह दी। साथ ही, तकनीक का इस्तेमाल कर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर आईजी रुचिवर्धन मिश्र ने ईंटखेड़ी के नवनिर्मित थाना भवन का निरीक्षण किया और जब्तशुदा माल के सुरक्षित रखरखाव के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों व कर्मचारियों ने थाना परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर, एसडीओपी अंतिमा समाधिया, थाना प्रभारी डीएसपी आशीष सप्रे और रक्षित निरीक्षक श्याम किशोर झरवड़े सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।







