भोपाल। कटारा हिल्स थाना क्षेत्र के लहारपुर स्थित 70 क्वार्टर में कंधा टकराने जैसी मामूली बात पर चार युवकों ने दो दोस्तों पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए एक युवक के पेट में धारदार हथियार घोंप दिया गया, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय शुभम महिरे 23 नवंबर की रात अपने दोस्त करण आदिवाल (22) और अंशु के साथ लहारपुर में अपने मामा के घर गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे हनुमान मंदिर के पास गली से गुजरते वक्त शुभम का कंधा आदित्य नाम के युवक से टकरा गया। इसी बात पर आदित्य गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने अपने साथी धनराज उर्फ धनुआ, नागेंद्र उर्फ नगुआ और नितिन राव को बुला लिया।
चारों आरोपियों ने मिलकर शुभम और करण से मारपीट शुरू कर दी। दोस्त को बचाने आगे आए करण के पेट पर धनराज ने धारदार हथियार से वार कर दिया, जबकि नागेंद्र और नितिन ने ईंट-पत्थरों से हमला किया। सिर, छाती और पेट में गंभीर चोट लगने से करण लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसे एम्स (AIMS) में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी संतोष रघुवंशी ने बताया कि शुभम की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (बीएनएस की धारा 109) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने दबिश देकर वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर चारों आरोपियों को दबोच लिया।




