देपालपुर (इंदौर)।
जिम्मेदार तहसील के ग्राम कुनगारा में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में दो साल की बच्ची सृष्टि की मौत हो गई। रसोई में खाना बनाते वक्त मां की साड़ी में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी इकलौती बेटी गंभीर रूप से झुलस गई।
वीडियो कॉल कर दी हादसे की जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काजल रसोई में खाना बना रही थी, तभी अचानक गैस की नली से आग भड़क उठी और उसकी साड़ी में आग लग गई। काजल मूक-बधिर होने के कारण मदद के लिए चिल्ला नहीं सकी। उसने तुरंत अपनी मां को वीडियो कॉल कर हादसे की जानकारी दी।
एक दिन पहले ही मनाया था जन्मदिन
हादसे में काजल करीब 50% तक झुलस गई है, और एक निजी अस्पताल में उसका इलाज जारी है। गंभीर रूप से झुलसी उसकी दो वर्षीय बेटी सृष्टि ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार ने घटना से एक दिन पहले ही बड़े उत्साह के साथ बच्ची का दूसरा जन्मदिन मनाया था। राजेंद्र नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला देपालपुर पुलिस को सौंप दिया है।




