भोपाल देहात:
आगामी त्योहारों और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए भोपाल देहात पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न कंपनियों के 87 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) श्री पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन में साइबर सेल और जिले के सभी थानों की टीमों ने तकनीकी संसाधनों और मोबाइल ट्रेसिंग की मदद से यह कार्रवाई की।
वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए फोन
पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बरामद किए गए सभी 87 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस किए। लंबे समय से खोए हुए महंगे मोबाइल वापस मिलने पर आवेदकों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। नागरिकों ने भोपाल देहात पुलिस की इस सराहनीय पहल और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया है। अभियान को सफल बनाने में साइबर टीम और सभी थाना प्रभारियों की अहम भूमिका रही।








