भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक 36 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। युवक की पहचान ओडिशा निवासी सच्ची स्मिथ दास के रूप में हुई है, जो सुंदर नगर में किराए के मकान में अकेले रहता था।
पिता को वॉट्सऐप किया सुसाइड नोट
घटना से पहले युवक ने अपने पिता के मोबाइल पर वॉट्सऐप के जरिए उड़िया भाषा में एक सुसाइड नोट भेजा। मैसेज देखते ही पिता ने तुरंत भोपाल में रहने वाले युवक के दोस्त को फोन कर उसकी सुध लेने को कहा। मौके पर पहुंचे दोस्त ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने तोड़ा दरवाजा, फंदे पर लटका मिला शव
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो सच्ची का शव फंदे से लटक रहा था। कमरे में काफी खून बिखरा हुआ था और युवक की कलाई की नस भी कटी हुई पाई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अशोका गार्डन थाना पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट उड़िया भाषा में होने के कारण उसका अनुवाद कराया जा रहा है, ताकि आत्महत्या के कारणों का सही पता चल सके। परिजनों के भोपाल पहुँचने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।




