आपने शराब से लेकर सब्जी और दूध के लिए मारा-मारी देखी होगी, लेकिन कभी बुक लेने के लिए मारा-मारी देखी है क्या? नहीं तो हम दिखाते हैं। भोपाल में एक कोचिंग की लॉचिंग के दौरान फ्री में बंटने वाले सिविल सर्विसेस के स्टडी मटेरियल के लिए स्टूडेंट मारा-मारी करते नजर आए। एक बुक पाने के लिए आपस में छीना-झपटी हुई। तब जाकर एक बुक हासिल की जा सके। छात्राएं भी छात्रों के बीच बुक पाने के लिए जोर आजमाइश करती नजर आईं।भोपाल के नए रविंद्र भवन में रविवार को एक कोचिंग की लॉचिंग थी। इसके लिए कई कॉलेज छात्रों को आमंत्रित किया गया था। कोचिंग के संचालकों ने बड़ा कार्यक्रम कर छात्रों को सिविल सर्विसेस की तैयारी के टिप्स दिए। इसी के साथ कार्यक्रम में शामिल छात्रों को फ्री में स्टडी मटेरियल दिए जाने की व्यवस्था की थी। इसके लिए ऑडिटोरियम के बाहर काउंटर लगाया था। कार्यक्रम के बाद काउंटर पर छात्रों की भीड़ जमा हो गई। जैसे ही, काउंटर से बुक का वितरण किए जाने लगा तो मारा-मारी शुरू हो गई।स्टडी मटेरियल की तुलना में स्टूडेंट की संख्या अधिक होने से बुक की छीना-झपटी होने लगी। कई बार तो काउंटर पर लगे कर्मचारी भी झल्ला गए। इसके बाद भी किताबों के लिए मारा-मारी होती रही। एक-एक बुक के लिए स्टूडेंट को मशक्कत करना पड़ी।




