प्रधानमंत्री मोदी रविवार को भोपाल में थे। इस दौरान वीवीआईपी मूवमेंट वाले रास्ते पर अचानक आई हूटर लगी कार ने पुलिस की धड़कनें बढ़ा दीं। हूटर बजाते हुए रास्ते पर दौड़ रही काले रंग की फॉरच्यूनर कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। चेकिंग पॉइंट पर खड़े जवानों के रोकने पर भी चालक ने रफ्तार कम नहीं की। कार रोकने पुलिस कंट्रोल रूम से वायरलेस सेट पर करीब 15 मिनट तक पॉइंट चला। पॉइंट मिलते ही शहरभर में नाकाबंदी की गई। कार को अयोध्या नगर में पकड़ लिया गया।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी जोन-2 संजय अग्रवाल ने बताया कि रविवार शाम पॉइंट आने के बाद कार चालक की घेराबंदी की गई थी। उस समय कार में सिर्फ एक युवक बैठा था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधित क्षेत्र में हूटर बजाने, तेज रफ्तार में वाहन चलाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।




