कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को भाजपा के खिलाफ विवादित बयान दे डाला। राजस्थान के अलवर में भारत जोड़ो यात्रा की सभा में उन्होंने कहा- कांग्रेस नेताओं ने देश की आजादी के लिए प्राण न्यौछावर किए हैं। आजादी के बाद इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने देश के लिए जान दी, क्या देश के लिए भाजपा नेताओं के घर से कुत्ता भी मरा है। वे हमें देशद्रोही कहते हैं।
राहुल बोले- नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं
अलवर के मालाखेड़ा में राहुल गांधी ने सभा में कहा- मुझे भाजपा वाले बुरे नहीं लगते। मैं रास्ते में जाता हूं तो इशारा करके पूछते हैं कि क्या कर रहे हो? मैं उन्हें जवाब देना चाहता हूं कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं। आइए आप भी बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलिए। महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल, अंबेडकर सब ने मोहब्बत की दुकान खोली थी।




