भोपाल | राजधानी के हबीबगंज थाना क्षेत्र में एक किसान के साथ प्लॉट सौदे के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने किसान से 9 लाख रुपए तो ले लिए, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी न तो प्लॉट की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे वापस किए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
बिलखिरिया निवासी किसान हेमराज चौकसे (40) ने पुलिस को बताया कि तीन साल पहले उन्होंने चौकसे नगर में एक प्लॉट खरीदने के लिए शहदेव साहू से सौदा किया था। इस सौदे में सुमित कुम्हरे नाम का व्यक्ति प्रॉपर्टी डीलर था, जिसने मध्यस्थता के लिए 50 हजार रुपए कमीशन भी लिया।
अनुबंध के बाद भी मुकरा आरोपी
साल 2023 में 6 नंबर स्टॉप स्थित एक नोटरी पर दोनों पक्षों के बीच लिखित अनुबंध (एग्रीमेंट) हुआ। अनुबंध की शर्तों के अनुसार, हेमराज ने शहदेव को 9 लाख रुपए का भुगतान कर दिया। शहदेव ने वादा किया था कि वह तीन महीने के भीतर प्लॉट की रजिस्ट्री हेमराज के नाम करा देगा।
तीन साल तक काटता रहा चक्कर
रुपए लेने के बाद आरोपी शहदेव की नीयत बदल गई। किसान जब भी रजिस्ट्री के लिए कहता, आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर उसे टाल देता। कई महीनों तक चक्कर काटने के बाद जब पीड़ित को अहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है, तो उसने हबीबगंज थाने में शिकायती आवेदन दिया।
पुलिस की कार्रवाई: हबीबगंज पुलिस के मुताबिक, आवेदन की जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद बुधवार को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



