मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में IISER (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च) की केमिस्ट्री लैब में भीषण आग लग गई। यहां बड़ी मात्रा में केमिकल होने की वजह से आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी लैब को अपनी चपेट में ले लिया। आग गुरुवार शाम करीब 4 बजे लगी। जिसे करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुझा लिया गया। आग बुझाने में बैरागढ़, गांधीनगर, चिरायु अस्पताल की करीब 15 दमकल की गाड़ियां लगी रही।
आग बुझाने के लिए जेसीबी से बिल्डिंग की दीवार को तोड़ा गया। केमिकल की वजह से आग बुझाने में भी परेशानी आई। केमिकल के कारण उठे धुंए से सांस लेने में परेशानी होने की बात भी सामने आई है। फायर ऑफिसर साजिद खान के मुताबिक प्रारंभिक जांच में केमिकल रिएक्शन से आग लगना सामने आया है। हालांकि जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फायर स्टेशन प्रभारी साजिद खान ने बताया कि आग बुझाने में ढाई घंटे से ज्यादा समय लगा है। हालांकि अभी धुंआ निकल रहा है, जिसके चलते अंदर नहीं जा पा रहे है।




