कमला नगर इलाके में रिटायर्ड IPS एनके सिंह के आवास पर चल रहे कोरियर ऑफिस का ताला तोड़कर तीन नकाबपोश घुस गए। करीब 10 मिनट तक बदमाश ऑफिस की तलाशी लेते रहे। इसी बीच IPS की बहू की नींद खुलने की आहट पाकर बदमाश भाग निकले। हालांकि बदमाश कोई संपत्ति चोरी नहीं कर पाए। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। जिसमें तीन बदमाश ऑफिस के अंदर तलाशी लेते हुए दिख रहे हैं। कमला नगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। एनके सिंह के पुत्र पेशे से वकील कार्तिकेय सिंह ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कोटरा वैशाली नगर हाउस नंबर-7 में रिटायर्ड IPS एनके सिंह परिवार के साथ रहते हैं। मकान मेन रोड पर है। सुप्रीम कोर्ट में वकील उनके बेटे कार्तिकेय सिंह ने बताया कि घर के ग्राउण्ड फ्लोर को अयोध्या नगर निवासी राजेन्द्र मेहरिया को किराए पर दे रखा है। राजेन्द्र कोरियर का ऑफिस खोल रखे हैं। कार्तिकेय ने बताया कि 26 को अम्मा का जन्मदिन था। ऐसे में भैया-भाभी के साथ अन्य रिश्तेदार घर आए हुए थे।
सुबह करीब पांच बजे भाभी की नींद खुली। वह बालकनी की तरफ आई। उन्होंने देखा कि घर के गेट के पास नकाबपोश तीन लड़के खड़े हैं। उन्होंने लड़कों को आवाज दी तो वह भागने लगे। तब तक भाभी की आवाज सुनकर हम लोग भी आ गए। नीचे आकर देखा कि कोरियर आफिस का ताला टूटा हुआ है। अंदर सामान बिखरा है। सीसीटीवी चेक करने पर वही तीनों लड़के अंदर तलाशी लेते हुए दिखे। 27 को राजेन्द्र की शिकायत पर कमला नगर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया।




