भोपाल में दिलदहला देने वाले हादसे में एक मासूम की मौत हो गई। 5 साल का ये बच्चा अपनी मां की उंगली थामे था। तभी मां के हाथ से उसके लाल को काल छीन ले गया। घटना भोपाल स्थित विधानसभा भवन के मेन एंट्रेंस के सामने हुई। जहां 5 साल के बच्चे को कार ने रौंद दिया। बेटा अपनी मां की उंगली पकड़कर रोड क्रॉस कर रहा था। तभी हाई स्पीड कार ने पहले उसे टक्कर मारी, इसके बाद ड्राइवर ने उसके ऊपर कार चढ़ा दी। चश्मदीदों के मुताबिक बच्चा कार में फंस गया। करीब 30 फीट तक सड़क पर घिसटने के बाद वह कार से अलग हुआ।घटना शुक्रवार रात 10 बजे की है। मंत्रालय के सामने भीम नगर बस्ती में रहने वाले सत्यभान पटेल होटल में जॉब करते हैं। उनका 5 साल का बेटा प्रिंस पटेल सरस्वती विद्या मंदिर में पहली क्लास में पढ़ता था। सत्यभान ने बताया कि बच्चा रात में पार्क जाने की जिद कर रहा था। 9 बजे पत्नी प्रभा बच्चों को वल्लभ भवन के पास दरगाह के सामने वाले पार्क में घुमाने लेकर गई थी। प्रिंस के साथ उसकी दो बड़ी बहनें प्रिया और प्रियंका थीं। रात 10 बजे प्रभा तीनों बच्चों को लेकर लौट रही थीं।प्रिंस मां की उंगली पकड़कर रोड क्रॉस कर रहा था। लगभग रोड क्रॉस कर चुके थे, तभी मंत्रालय की तरफ से विधानसभा की तरफ जा रही तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने प्रिंस को कुचल दिया। लहूलुहान हालत में मां ने उसे गोद में उठाया। तब उसकी सांस चल रही थी। रास्ते से गुजर रहे एक बाइक सवार की मदद से वह बच्चे को जयप्रकाश अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन रास्ते में उसकी सांसें टूट गई। डॉक्टर ने बताया कि बच्चे की स्पॉट पर ही मौत हो गई थी।




