भोपाल:
राजधानी में डीजीजीआई (DGGI) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से चल रही तंबाकू-गुटका फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, जिसमें टैक्स चोरी का आंकड़ा 100 करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।
न्यू चौकसे नगर, नवीबाग इलाके में चोरी-छिपे चल रही इस फैक्ट्री का संचालक सुरेश सिंह ‘गुरु’ ब्रांड नाम से तंबाकू और गुटका बनाता था। आरोपी ने हाथ से गुटका बनाने का लाइसेंस लिया था, लेकिन फैक्ट्री में पांच बड़ी मशीनें लगाकर बड़े पैमाने पर अवैध उत्पादन किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान मौके से 65 से 70 बोरी सुपारी और गुटका-तंबाकू बनाने का भारी सामान जब्त किया गया है।
डीजीजीआई की टीम को इस फैक्ट्री के जगदीशपुर (इस्लामनगर) में होने की सूचना मिली थी, लेकिन जांच के दौरान इसका असली ठिकाना नवीबाग निकला। शुरुआती जांच में टैक्स चोरी का यह आंकड़ा 30 करोड़ रुपए था, जो गहन मूल्यांकन के बाद बढ़कर 100 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। आरोपी के विरुद्ध नए एचएसएनएस (HSNS) एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, जिसमें 83 प्रतिशत से 92 प्रतिशत तक सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी और सेस लगाने का प्रावधान है। आरोपी सुरेश सिंह ने टैक्स चोरी स्वीकार कर ली है और उसे गैर-जमानती धाराओं के तहत जेल भेज दिया गया है।




