शाजापुर (शहर)। मध्य प्रदेश के शाजापुर शहर में ‘लुटेरी दुल्हन’ के जरिए शादी के नाम पर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित युवक को इस जाल में फंसाने का आरोप उसके अपने ही जीजा पर लगा है। पुलिस ने इस मामले में जीजा समेत छह आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित 25 वर्षीय कैलाश राजोरिया ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि सांवला रंग होने के कारण उसकी शादी नहीं हो रही थी। इसी मजबूरी का फायदा उसके राखी वाले जीजा अर्जुन गेहलोत और रवि राजोरिया ने उठाया। उन्होंने बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली पूजा कुमारी से शादी कराने का प्रस्ताव रखा और खर्च के नाम पर 2 लाख 30 हजार रुपए मांगे। रिश्तेदार होने के कारण परिवार ने भरोसा कर लिया।
मंदिर में कराई शादी और वसूले पैसे
गत 26 जुलाई को अर्जुन गेहलोत पीड़ित और उसके माता-पिता को उज्जैन के चिंतामण गणेश मंदिर ले गया। वहां सतीश पाटीदार, संजय मंडोवर, पूजा कुमारी और उसकी बहन नंदनी पहले से मौजूद थे। मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी संपन्न कराई गई। इस दौरान आरोपियों ने अलग-अलग तरीकों से कुल 2 लाख 31 हजार रुपए ऐंठ लिए।
शौच का बहाना बनाकर भागी दुल्हन
शादी के बाद दुल्हन ससुराल पहुंची, जहां परिवार ने उसे सोने का मंगलसूत्र और चांदी की कड़ियां पहनाईं। लेकिन शादी के महज दो दिन बाद 30 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे वह शौच जाने का बहाना बनाकर उठी और घर के बाहर मौजूद सास-भाभी को धक्का देकर फरार हो गई। वह अपने साथ सोने का मंगलसूत्र और चांदी के जेवर भी ले गई।
पुलिस की कार्रवाई
कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर सभी छह आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन गेहलोत और रवि राजोरिया को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ के आधार पर गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश की जा रही है।



