भोपाल के 18 BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) को कलेक्टर अविनाश लवानिया ने शुक्रवार को सस्पेंड कर दिया। वोटर लिस्ट के अपडेशन में लापरवाही बरतने पर वे सस्पेंड किए गए। ये बीएलओ विभिन्न विभागों में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ हैं।
प्रदेश में 9 नवंबर से वोटर लिस्ट अपडेट करने का काम शुरू हुआ है। 8 दिसंबर तक नाम जोड़ने-घटाने और करेक्शन के आवेदन मांगे गए थे। जिनकी जांच 26 दिसंबर तक होगी। वहीं, 5 जनवरी 2023 को फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन किया जाएगा। इसी काम में बीएलओ ने लापरवाही बरती। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि मतदाता सूची के संशोधन और निर्वाचन कार्यालय में बीएलओ उपस्थित नहीं हुए। इस कारण उन पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।




