मंदसौर।
शहर में 32 साल के इस्माइल उर्फ भूरा की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज दो दिन में सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि इस्माइल की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी मुस्कान, उसके साले शाकिर और भाई ईशाक ने मिलकर की थी। पुलिस ने इस मामले में पत्नी और भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि साला अभी फरार है।
मकान बेचने को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह करीब 30 लाख रुपए कीमत का मकान था। आरोपी ईशाक इस मकान को बेचकर दोनों भाइयों के अलग-अलग रहने की योजना बना रहा था, जिसका इस्माइल कड़ा विरोध कर रहा था। इसी पारिवारिक विवाद के चलते आरोपियों ने उसकी जान लेने की साजिश रची।
खेत में ले जाकर की गई हत्या
घटना वाले दिन इस्माइल शराब के नशे में अपनी पत्नी मुस्कान के मायके फतेहगढ़ पहुंचा था। वहां उसका पत्नी और साले शाकिर से विवाद हुआ, जिसके बाद शाकिर ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद इस्माइल बस से चौपाल सागर के पास पहुंचा। मुस्कान ने इसकी जानकारी ईशाक को दी।
तीनों के वहां पहुंचने पर इस्माइल खेतों की तरफ भागा। खेत में शाकिर ने उसके सिर पर डंडे से वार किया। इस्माइल के नीचे गिरते ही ईशाक ने उसके पैर और मुस्कान ने हाथ पकड़ लिए, जबकि शाकिर ने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
फरियादी बनकर पुलिस को किया गुमराह
हत्या को हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने शातिर चाल चली। ईशाक ने खुद पुलिस को फोन कर सूचना दी कि उसका भाई सड़क किनारे बेहोश पड़ा है। 15 सितंबर को पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लेकिन घटनास्थल के तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और एक सीसीटीवी फुटेज ने सारा सच सामने ला दिया। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में मुस्कान अपने भाई शाकिर के साथ बाइक पर बीच में इस्माइल के शव को बैठाकर ले जाती हुई साफ नजर आ रही है।
दो गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में मोहम्मद ईशाक और मृतक की पत्नी मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी साला शाकिर खां अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।




