Sunday, August 16, 2026
23.1 C
Bhopal

भोपाल में युवक को अगवा कर पीटा

भोपाल में एक युवक को अगवा कर मारपीट का वीडियो सामने आया है। उसे अशोका गार्डन थाने की गुंडा सूची में शामिल दीपक ठाकुर और रोहित कबाड़ी ने साथियों के साथ मिलकर गौतम नगर थाने के सामने से अगवा कर लिया। फिर कार से इंडस्ट्रियल एरिया की बंद फैक्ट्री में ले गए। यहां उसे निर्वस्त्र कर ठंडी बियर डाली गई और फायरिंग कर फिर पैरों में झुकवाया।

घटनाक्रम 13 अगस्त का है। पीड़ित की मां ने मामले में 1 अक्टूबर को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत की है। इससे पहले डीसीपी ऑफिस, एडिशनल डीसीपी ऑफिस में भी आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत की जा चुकी है। लेकिन, FIR दर्ज नहीं की गई।

दोस्त की बर्थडे पार्टी में हुआ था विवाद

युवक गौरव मिश्रा (23) निजामउद्दीन कॉलोनी पिपलानी थाना क्षेत्र में रहता है। बताया कि वह लेबर सप्लाई की ठेकेदारी करता है। 12 अगस्त की रात को बिलखिरिया इलाके के में स्थित एक रेस्टोरेंट में दोस्त की जन्मदिन की पार्टी थी। यहां सभी दोस्त नाच गाना कर रहे थे। पास की टेबल पर अशोका गार्डन का गुंडा दीपक ठाकुर बैठा था।

उसने शोर न करने की बात को लेकर गालियां देना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई। तब दोनों पक्षों में झूमाझटकी भी हो गई। जिसकी शिकायत दीपक ने इस मामले की बिलखिरिया थाने में कर दी थी।

सरेराह किया अपहरण

अगले दिन 13 अगस्त को गौरव अपने दोस्तों के साथ डीआईजी बंगला चौराहा पर गौतम नगर थाने के सामने बैठा था। तभी अशोका गार्डन थाने का निगरानी गुंडा रोहित कबाड़ी व चार अन्य आए। उन्हें देख गौरव ने बचने के लिए भागने का प्रयास किया। पास के एक घर में छिप गया, आरोपी उसे जबरन इस घर से घसीटकर कार में बैठाकर इंडस्ट्रियल एरिया की एक बंद फैक्ट्री में ले गए।

कार में पहले से दीपक ठाकुर बैठा था। फैक्ट्री में अन्य 10-12 लोग मौजूद थे। वहां आरोपियों ने गौरव को निर्वस्त्र किया। उसके साथ पाइप, डंडे और बेल्ट से जमकर मारपीट की। दबाव बनाने दो युवकों ने उसके बेहद करीब तीन राउंड फायर किए। इसके बाद दीपक को पैरों में झुकने के लिए कहा गया। उसे पीट-पीटकर पैर लगवाए गए।

थाने में मां की नहीं हुई सुनवाई

इस बीच गौरव की मां को उसके दोस्त अपहरण की सूचना दे चुके थे। मां मदद की आस में नजदीकी थाना पिपलानी में पहुंची। वहां उनकी सुनवाई नहीं हुई, पुलिस ने गौतम नगर जाने की बात कहकर उसे थाने से चलता कर दिया।

इधर गौरव को आरोपी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्री से कटारा हिल्स, एम्स अस्पताल के आस पास कार में बैठाकर पीटते रहे। 14 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे कटारा हिल्स इलाके में उसे छोड़ा गया।

आरोपियों में से एक ने स्वयं के मोबाइल से ओला को बुक किया था। इस कार से उसे घर तक पहुंचाया गया। इस घटना के बाद से ही तमाम अधिकारियों से गौरव की मां शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई।

फरियादी पर हैं पांच केस दर्ज

गौरव की मां एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं, पिता प्राइवेट जॉब करते हैं। जबकि गौरव लेबर ठेकेदारी करता है। उसके खिलाफ भी पूर्व में मारपीट पांच केस दर्ज हैं। जबकि दीपक ठाकुर पर अशोका गार्डन सहित अन्य थानों में मारपीट, लूट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर केस दर्ज हैं। आरोपी रोहित कबाड़ी हाल ही में हत्या के केस में जमानत पर रिहा हुआ है। रोहित भी अशोका गार्डन थाने का निगरानी गुंडा है।

टीआई हेमंत श्रीवास्तव के मुताबिक मामले की जानकारी नहीं है। थाने में ऐसी कोई शिकायत भी फिलहाल नहीं आई है। शिकायत मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img