बालाघाट के वारासिवनी में सोमवार को देर रात तक मोबाइल देखने से मना करने पर एक बेटे ने अपने मां-बाप पर सब्बल से हमला कर दिया। दोनों को गोंदिया के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां मंगलवार रात करीब 10 बजे मां की मौत हो गई। वहीं पिता गंभीर रूप से घायल हैं। उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। घटना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास कॉलेज टोला की है।
वारासिवनी एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि किशोर कटरे और प्रतिभा कटरे सरकारी टीचर हैं। दोनों अलग-अलग सरकारी स्कूलों में पढ़ाते हैं। उनका 20 वर्षीय इकलौता बेटा सत्यम नीट की तैयारी कर रहा है। सत्यम मई से अगस्त तक कोटा में नीट की कोचिंग कर चुका है। वह मोबाइल एडिक्ट है। माता-पिता उसे पढ़ाई करने के लिए समझाते थे, लेकिन वह अकसर मोबाइल में बिजी रहता था। इस पर रात में उनमें बहस हुई और सत्यम ने गुस्से में आकर उन पर हमला कर दिया। उससे पूछताछ की जा रही है। सत्यम ने खुद डायल 100 को सूचना दी थी।

सत्यम के बड़े पिता अरविंद कटरे के मुताबिक,
मैं अपने घायल भाई के साथ गोंदिया के जानकी मल्टी स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में हूं। बेटे सत्यम के हमले से उनके सिर, कान और दिमाग में चोटें आई हैं। बहू प्रतिभा के सिर का ऑपरेशन किया गया था। परिवार में सभी का व्यवहार अच्छा था। सत्यम भी पढ़ाई में होशियार था, लेकिन कोटा से आने के बाद वह शांत रहने लगा था। घटना के दौरान तीनों ही घर में थे। बेटे को पुलिस ने पकड़ लिया है।
सरपंच बोले- पढ़ाई को लेकर परेशान था
इलाके के सरपंच कन्हैया खैरवार बताते हैं कि पुलिस से घटना की जानकारी मिलने के बाद वे यहां पहुंचे थे। परिवार और बेटे के व्यवहार को अच्छा बताते हुए कहा कि संभवतः बेटा पढ़ाई के कारण मानसिक रूप से परेशान था।




