चिन्नौनी: स्थानीय पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में करीब 18 दिन से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी सतीश शर्मा (56) को राजस्थान के धौलपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का अवैध कट्टा भी बरामद कर लिया है, जिसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
चिन्नौनी थाना प्रभारी कुशल भदौरिया के मुताबिक, सुर्रापुरा निवासी आरोपी सतीश शर्मा पुत्र चिरोजीलाल शर्मा घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में केस दर्ज था। इस मामले की फरियादी एक दिव्यांग महिला ने 1 सितंबर को पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में पहुंचकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई थी, जिसके बाद पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
मुखबिर की सूचना और तकनीकी मदद के आधार पर चिन्नौनी पुलिस ने राजस्थान के धौलपुर जिले के डांगवसई इलाके में दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अवैध कट्टा भी जब्त कर लिया है। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 का इजाफा कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




