इंदौर:
शहर के एक बड़े कारोबारी द्वारा संपत्ति विवाद में कोर्ट से राहत और समझौता कराने के नाम पर एक विधवा महिला से 4 करोड़ 16 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी राजीव धाम (निवासी एबी रोड) और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
2015 से 2022 के बीच ऐंठे रुपए
पीड़ित 58 वर्षीय मनमीत कौर का अपने जेठ के साथ पारिवारिक संपत्ति का विवाद चल रहा था। आरोपी राजीव धाम ने महिला को अपनी ऊंची पहुंच का झांसा दिया और मध्यस्थता कराकर मामला सुलझाने का भरोसा दिलाया। इसी धोखे में आकर पीड़िता ने वर्ष 2015 से 2022 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 4.16 करोड़ रुपए राजीव की एडवरटाइजिंग फर्म के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
सास के निधन के बाद मुकरा और दी धमकी
आरोपी ने केवल 26 लाख रुपए वापस किए और बाकी के करीब 3.90 लाख रुपए हड़प लिए। वर्ष 2025 में पीड़िता की सास के निधन के बाद जब उन्होंने अपने बाकी पैसे मांगे, तो आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पिस्टल और बंदूकों का खौफ दिखाकर उसे डराया। आरोपी ने रौब झाड़ते हुए कहा कि शासन-प्रशासन में उसकी गहरी पैठ है और वह शहर के बड़े बदमाशों की जमानत करवाता है, इसलिए उसके खिलाफ जाना भारी पड़ेगा। मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने ईओडब्ल्यू और क्राइम ब्रांच में शिकायत की थी, जिसके बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



