जबलपुर:
शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में चोरियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और दो पिकअप वाहनों समेत करीब 25 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है। इस कार्रवाई से शहर में संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में बंद घरों से लाखों के जेवर और नकदी चोरी की वारदातों लगातार सामने आ रही थीं। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी नुरुद्दीन अंसारी उर्फ अज्जु को दबोचा, जिसकी निशानदेही पर उसके साथी मोहम्मद इरशाद और भीम उर्फ आदिल खान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से सोने के जेवर, फ्रिज और बर्तन बरामद हुए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी नुरुद्दीन पर 11 और इरशाद पर हत्या के प्रयास समेत 5 गंभीर मामले दर्ज हैं।
दूसरी ओर, वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने 8 सितंबर को त्रिमूर्ति नगर से चुराई गई टाटा इंट्रा पिकअप के मामले में ड्राइवर सौरभ दहिया और उसके साथी राजू उर्फ रामगोपाल साहू को पकड़ा। आरोपियों की निशानदेही पर रीवा के एक ढाबे के पास छिपाई गई पिकअप को बरामद कर लिया गया, जबकि उत्तर मिलौनीगंज से चोरी हुई एक अन्य बोलेरो पिकअप भी खजरी खिरिया के पास लावारिस हालत में जब्त की गई। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।



