भोपाल।
गांधी नगर स्थित फादर एग्नेल स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के पिता उजेर अहमद ने गांधी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि स्कूल के प्रिंसिपल मनोहर काटा ने उनके बेटे के साथ मारपीट की।
घटना 8 अक्टूबर की है। पिता का आरोप है कि बेटा रोते हुए माफी मांगता रहा, लेकिन प्रिंसिपल ने एक नहीं सुनी। इस घटना में बच्चे के चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। प्रताड़ना के कारण उसे कान से सुनाई देना बंद हो गया और घर पहुंचते ही चक्कर आकर वह जमीन पर गिर गया।
परिजनों ने बच्चे का हमीदिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। पिता ने थाने में शिकायत कर प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एफआईआर की मांग की है। उनका यह भी आरोप है कि स्कूल से जुड़े एक व्यक्ति ने फोन कर समझौते का दबाव बनाया है।
उधर, पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में फिलहाल स्कूल प्रबंधन का कोई पक्ष सामने नहीं आया है।




