भोपाल:
थाना मिसरोद पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर करीब 2 लाख 50 हजार रुपये कीमत की 3 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रात के समय सूने इलाकों या मकानों के बाहर खड़ी बाइक को अपना निशाना बनाते थे। 8 अक्टूबर को 11 मील के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक पर घूम रहे दो संदिग्धों को रोका गया। पूछताछ में उन्होंने मिसरोद और आसपास के इलाकों से गाड़ियां चुराना कबूल किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दौवतराम उर्फ मनोज उर्फ गोलू यादव (निवासी औबेदुल्लागंज, रायसेन) और तुलसीराम (निवासी दिगवाड, रायसेन) के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी दौवतराम शातिर अपराधी है, जिस पर भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम और सीहोर जिलों में चोरी के 14 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एचएफ डीलक्स, बजाज पल्सर एनएस 125 और हीरो स्प्लेंडर बाइक जब्त कर ली है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी विमलेश कुमार राय और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।




