भोपाल में BJP के दो मंडल अध्यक्षों पर कार्रवाई हुई है। अरेरा मंडल के अध्यक्ष मुकुल लोखंडे को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर हटा दिया गया तो वहीं महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह को नोटिस दिया गया है। बिना सहमति से नियुक्ति करने पर जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने नोटिस दिया। तीन दिन में जवाब मांगा गया है।
प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने अरेरा मंडल अध्यक्ष लोखंडे को पद से हटाने का लेटर जारी किया। लेटर में बताया गया कि लोकंडे द्वारा पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी के संदर्भ में आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जो कि अनुशासनहीनता के दायरे में आती है। इसलिए प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के निर्देशानुसार लोखंडे को तत्काल मंडल अध्यक्ष पद से मुक्त किया जाता है।




