इंदौर | इंदौर में एक्सिस बैंक की एक पूर्व महिला अधिकारी ने बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों पर शारीरिक, मानसिक शोषण और वित्तीय धोखाधड़ी के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए अपनी आपबीती सुनाई।
केबिन में बुलाकर अश्लील हरकतें
चोइथराम मंडी शाखा में ‘ऑपरेशन हेड’ रहीं पीड़िता (बदला हुआ नाम) के अनुसार, बैंक में उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद सीनियर अधिकारी उन्हें केबिन में बुलाकर अश्लील इशारे और द्विअर्थी बातें करते थे। प्रताड़ना की हद तब पार हो गई जब मासिक धर्म (पीरियड्स) के दौरान भी उन्हें घंटों खड़ा रखकर मीटिंग ली जाती थी और खाली कुर्सी होने पर भी बैठने नहीं दिया जाता था।
इस्तीफे के बाद धमकी: “बैंक तुझे बर्बाद कर देगा”
प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने मई 2025 में इस्तीफा दे दिया, लेकिन मुसीबतें खत्म नहीं हुईं। पीड़िता का आरोप है कि:
- उनका 2 लाख रुपये का बोनस रोक लिया गया है।
- लेबर ऑफिस में शिकायत करने पर बैंक कर्मियों ने बाहर निकलकर धमकी दी कि “तुझे तो बैंक बर्बाद कर देगा।”
- उन्हें शिकायत वापस लेने के लिए भोपाल और जबलपुर के चक्कर लगवाकर और अधिक परेशान किया जा रहा है।
शी-बॉक्स और प्रशासन से आस
महिला ने अब सरकार के ‘शी-बॉक्स’ (SHe-Box) पोर्टल और प्रशासन पर भरोसा जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। आवेदन में एचआर हेड और डिप्टी एचआर के नामों का भी उल्लेख है।
दूसरी ओर: बैंक के डिप्टी एचआर शिवम गुप्ता का कहना है कि उनके पास शोषण की कोई शिकायत नहीं आई है। बोनस के मुद्दे पर उन्होंने तर्क दिया कि बैंक पॉलिसी के तहत महिला इसकी हकदार नहीं हैं।




