भोपाल के एक होटल में ग्राहक ने खाने में कांच का टुकड़ा मिलने का आरोप लगाया है। गुरुवार को यहां एक कपल मैरिज एनिवर्सरी मनाने पहुंचा था। महिला ने खुद ही इसका वीडियो बनाया। इसमें वह शेफ और मैनेजर से बात करती दिख रही हैं।
महिला ने कहा- खाने में कांच सर्व किया वीडियो में महिला कह रही है कि ‘हम जहांनुमा पैलेस में बैठे हैं। यहां पर खाने में कांच सर्व किया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी कौन ले रहा है? इस पर शेफ सॉरी कहते हैं तो महिला कह रही है कि गला कट जाता तो आपके सॉरी का हम क्या करते? आपके ‘आई एग्री’ से कुछ नहीं होता। यदि खाने लायक है तो खाकर बताइए। करीब 1 मिनट के वीडियो के आखिरी में शेफ ने मामले को सुलझाने की बात कही। खाद्य औषधि एवं प्रशासन विभाग ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। वहीं जहांनुमा पैलेस की ओर से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है।

एनिवर्सरी मनाने गए थे नीलम ने बताया कि मेरी बहन और जीजाजी की गुरुवार को मैरिज एनिवर्सरी थी। इस दौरान वे परिवार के साथ होटल गए थे। उन्होंने खाना ऑर्डर किया। जैसे ही वह टेबल पर आया, उसमें कांच का टुकड़ा मिला। इस पर आपत्ति भी जताई। बहन ने ही वीडियो बनाए। हालांकि, वे बिना खाना खाए ही वापस लौट गए।
फूड इंस्पेक्टर बोले- जांच करवा रहे इस मामले में सीनियर फूड इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया कि, वीडियो सामने आया है। लिखित शिकायत नहीं मिली है। फिर भी जांच करवाएंगे।




