भोपाल के बाग सेवनिया इलाके में एक बुजुर्ग द्वारा जहरीला पदार्थ खाने से मौत का सामने आया है। परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान शनिवार तड़के उनकी मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात 11 बजे की है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
राजू जाधव (65) अमराई बागसेवनिया में रहते थे। वह प्राइवेट स्कूल की बस में कंडक्टरी करते थे। पहली पत्नी से अलग होने के बाद वह अन्य महिला के साथ लिव-इन में रहते थे। उनकी बेटी आरती राजपूत ने आरोप लगाया कि पिता जिस महिला के साथ रहते थे, वह उन्हें परेशान करती थी। हमसे नहीं मिलने का दबाव बनाती थी। पिछले दस दिनों से पिता महिला को छोड़कर मेरे साथ रह रहे थे। शुक्रवार को बिन बताए महिला के पास अमराई स्थित उसके निवास गए।
बेटी बोली मुझे यकीन है पिता की हत्या की गई
बेटी ने कहा, मुझे पूरा यकीन है कि महिला ने उन्हें जबरन सल्फास की गोली खिलाई है। जिससे उनकी मौत हुई। इसी महिला ने हमें कॉल कर पिता द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी दी थी। मामले की निष्पक्ष जांच हो तो सच्चाई सामने आ सकती है। वहीं पुलिस का कहना है कि शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में आए तथ्यों और पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




