भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन ढाबे के पास रविवार सुबह करीब 4 बजे एक आइशर ट्रक और एक डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि, ट्रक चालक वाहन के केबिन में फंसा गया था, जिसे बाहर निकालने में काफी देर लग गई। मृतक चालक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

मिसरोद थाना प्रभारी मनीष राज सिंह भदौरिया ने बताया कि घटनास्थल पर ट्रक के आसपास गिट्टी बिखरी हुई मिली थी, जिससे प्रतीत होता है कि टक्कर के दौरान डंपर गिट्टी से भरा हुआ था। हादसे के बाद डंपर या ट्रक का अन्य चालक मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ट्रक और डंपर के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस संभावित डंपर चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।




