मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) की तैयारियाें का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने समिट स्थल और उद्योगपतियों, निवेशकों के रुकने वाले स्थानों को देखा।
इसके बाद कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी का कल भोपाल आगमन हो रहा है। यह प्रदेशवासियों के लिए गौरव का क्षण है। हम उनका हार्दिक स्वागत-अभिनंदन करते हैं। समिट की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रधानमंत्री भोपाल में प्रवास भी करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए हर स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

सबसे पहले कुशाभाऊ ठाकरे सभागार पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव सबसे पहले कुशाभाऊ ठाकरे सभागार पहुंचे। यहां पीएम नरेंद्र मोदी रविवार शाम को बीजेपी सांसदों, विधायकों और अन्य पदाधिकारियों के साथ संवाद करने वाले हैं। इसके बाद सीएम GIS की तैयारियों का निरीक्षण करने मानव संग्रहालय पहुंचे। यहां GIS के लिए बनाए गए पवेलियन, मुख्य सभागार, विभागीय सेक्टर सम्मेलन स्थल समेत अन्य कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। शनिवार शाम को ही सीएम यादव सदर मंजिल में GIS की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। यहां देश-विदेश से आने वाले निवेशकों के रुकने और बैठक की व्यवस्था की गई है।

लोक कला दलों की होगी प्रस्तुति
समिट के पहले दिन 24 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय इंदिरा गांधी मानव संग्रहालय में सुबह 8 बजे से स्थानीय संस्कृति को प्रदर्शित करते लोक कला दलों की प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसी दिन ओडीओपी मंच और मध्यप्रदेश पेवेलियन में प्रदेश की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी, जिसमें गोंड और भील जनजातियों की लोक संस्कृति एवं बुंदेलखंड व चंबल अंचल की विरासत का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
शाम को गाला डिनर के दौरान लोकांचल नृत्य बधाई, मटकी, जनजातीय नृत्य करमा के साथ विशेष ‘अमृत्य मध्यप्रदेश’ नृत्य नाटिका का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन स्थल पर विभिन्न मंचों पर लोकगीत, जनजातीय संगीत और पारंपरिक लोक नृत्य का मंचन किया जाएगा।





