इंदौर के तिलक नगर इलाके में बाइक सवार बदमाश एक वकील का मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना उस वक्त हुई जब वकील नमन माहेश्वरी रात में खाना खाने के बाद सड़क पर टहलते हुए मोबाइल पर बात कर रहे थे। पुलिस ने उनकी शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नमन माहेश्वरी, निवासी बिचौली मर्दाना, पेशे से वकील हैं। रात करीब 9 बजे वे डग विला सेंटर, स्कीम नंबर 140 के पास पहुंचे। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर दो युवक आए और पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया। नमन ने तुरंत उनका पीछा किया, लेकिन बदमाश तेज रफ्तार में बाइक भगाकर फरार हो गए।
घटना के बाद नमन ने घरवालों को सूचना दी और तिलक नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
महिला टीचर की चांदी की चेन झपटी, बाइक सवार बदमाश फरार
इंदौर के विजयनगर इलाके में बाइक सवार बदमाश एक महिला टीचर की चांदी की चेन झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने लूट की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रज्ञा कुशवाह, निवासी स्कीम नंबर 74, देर शाम अपनी 4 साल की बेटी को साथ लेकर दवाई लेने निकली थीं। जब वे स्कीम नंबर 54 के पास गार्डन के सामने पहुंचीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों में से एक ने उनके गले से झपट्टा मारकर चांदी की चेन छीन ली और तेज रफ्तार में भाग निकले।
घटना के बाद प्रज्ञा ने पुलिस को सूचना दी। विजयनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके।




