ग्वालियर पुलिस ने मार्च 2025 की पहली कॉम्बिंग गश्त शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को की। इस दौरान 226 स्थायी व गिरफ्तारी वारंटी बदमाशों को पकड़कर हवालात भेजा गया, जबकि 305 ऐसे अपराधियों की घर जाकर निगरानी की गई, जो कुछ समय से अपराध की दुनिया से दूर हैं।
गश्त के दौरान शहर के सभी नाकाबंदी पॉइंट पर सघन चेकिंग की गई। पुलिस का मुख्य फोकस नकाबपोश बाइक सवारों पर रहा। इस दौरान दो दर्जन से अधिक वाहनों को रोककर पूछताछ की गई, वहीं संदिग्ध पाए गए लोगों को भी हवालात में भेजा गया।

बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने की मुहिम हाल के दिनों में शहर में बाहरी अपराधियों द्वारा की जा रही वारदातों के कारण पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस गश्त में शहरी और देहाती थानों की एक-एक विशेष टीम को तैनात किया गया, जिसकी निगरानी एएसपी, सीएसपी और एसडीओपी स्तर के अधिकारियों ने की।
पुलिस ने 226 बदमाशों को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है। इनमें से कई पर स्थायी और गिरफ्तारी वारंट जारी थे।

चेकिंग के दौरान नकाबपोश बदमाश टारगेट एसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चलाएगी। अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस कप्तान ने सभी टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अपराधियों की धरपकड़ के दौरान पहले उनके घरों की घेराबंदी की जाए और फिर दरवाजा खटखटाया जाए, ताकि वे फरार न हो सकें।
साथ ही, सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि गश्त के दौरान अपने मोबाइल फोन बंद रखें और नकाबपोश बाइक सवारों को किसी भी स्थिति में न छोड़ें।
आवारागर्दी करने वालों पर भी कार्रवाई
गश्त के दौरान पुलिस ने देर रात शहर के विभिन्न इलाकों में घूम रहे एक दर्जन से अधिक युवकों को पकड़ा और थाने ले गई। बाद में उनके परिजनों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया, साथ ही सख्त चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा आवारागर्दी करते पाए गए, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




