मिसरोद इलाके में बाइक सवार युवक डिवाइडर से टकरा गया। सड़क पर गिरते ही भारी वाहन ने उसे कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा है। हादसा गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात का है। शुक्रवार की दोपहर को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक औबेदुल्लागंज के रहने वाले अविनाश ठाकुर (36) अस्सी फीट रोड अशोका गार्डन भोपाल में फेब्रिकेशन की दुकान चलाते थे। गुरुवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर जाने के लिए निकले थे। रात करीब साढ़े आठ बजे अविनाश होशंगाबाद रोड स्थित ग्यारह मील के पास पहुंचे, तभी अचानक उनकी बाइक बेकाबू हो गई, जिससे वह डिवाइडर से टकराने के बाद बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। अविनाश के सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। गाड़ी का पहिया उनके सिर से होकर निकल गया था, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
एक्सीडेंट में घायल युवक ने दम तोड़ा
इधर, चूनाभट्टी पुलिस के मुताबिक आशीष दास पुत्र संजय कुमार दास (34) सिवनी मालवा जिला होशंगाबाद का रहने वाला था। आशीष के बड़े भाई अजय कुमार दास अवधपुरी स्थित सौम्या पार्क लैंड कालोनी में रहते हैं और प्राइवेट जॉब करते हैं। बुधवार सुबह आशीष दास बाइक से भोपाल में भाई के पास जाने के लिए निकला था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे आशीष कलियासोत डेम रोड से चूनाभट्टी की तरफ जा रहा था। बंसल अस्पताल के पास उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे इलाज के लिए बंसल अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार को आशीष दास ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।




