जबलपुर में पिटाई से नाराज महिला ने पति के सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटकर तालाब में फेंक कर घर लौट गई।
मामला 15 जून की रात का है। 2 दिन बाद 17 जून को युवक की लाश नेहरू नगर स्थित तालाब में पड़ी मिली थी। लोगों की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची आधारताल थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पीएम के लिए मेडिकल काॅलेज भेज दिया।
पूछताछ की तो पता चला कि मृतक का नाम अरविंद गोटिया उर्फ रिंकू (41) है। उसने दो शादी की थी। दोनों ही पत्नी अलग-अलग रहती थी। वह 3-3 दिन दोनों के साथ रहता था।

15 जून की रात को दूसरी पत्नी गनेशी बाई से अरविंद का विवाद हुआ था। जिसके बाद वह घर से निकला और फिर उसका पता नहीं चला था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि घटना की रात दोनों पति-पत्नी में विवाद हुआ था और अरविंद ने गनेशी बाई से मारपीट कर दी थी। इसी का बदला लेने के लिए उसने पति की हत्या कर दी।
शनिवार को गनेशी बाई को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।
13 साल पहले की थी दूसरी शादी अरविंद मजदूरी का काम करता था। 13 साल पहले उसने गनेशी बाई से मंदिर में दूसरी शादी की थी, जबकि उसकी पहली पत्नी रेवा नगर में रहती है। अरविंद दोनों ही महिलाओं के साथ रहता था। उसका पत्नी से अक्सर शराब के नशे में विवाद भी होता था। वह और गनेशी बाई दोनों साथ बैठकर शराब पीते थे। कुछ देर विवाद के बाद रिंकू पहली पत्नी के पास चले जाता था।
15 जून की रात को अरविंद गोटिया किसी काम से गनेशी बाई के घर पहुंचा, वहां दोनों ने साथ में बैठकर शराब पी। अचानक ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा, कुछ ही देर में लड़ाई इस कदर होने लगी कि दोनों सड़क पर आ गए। पड़ोसियों ने दोनों को समझाया तो अरविंद वहां से चला गया।
घायल पति को तालाब में फेंक दिया
17 जून की सुबह आधारताल तालाब में अरविंद की लाश मिली। पुलिस ने जांच में पाया कि अरविंद ने 2 शादियां की थी। पहली पत्नी रेवा नगर में रहती है। दूसरी आधारताल क्षेत्र में। अरविंद का दोनों पत्नी से साथ में रहने को लेकर विवाद होता था।
यही वजह है कि सप्ताह में 3 दिन वह पहली पत्नी के साथ रहता था। 3 दिन दूसरी पत्नी गनेशी बाई के पास रहता था। 15 जून की रात को गनेशी ने उसे साथ में रुकने के लिए कहा था। लेकिन, अरविंद ने कहा कि वह पहली पत्नी के घर जाना चाहता है।
उसे कल काम पर जल्दी निकलना है। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और अरविंद वहां से पैदल निकल गया। जैसे ही वह तालाब के पास पहुंचा। पीछा करते हुए गनेशी बाई भी वहां पहुंच गई। उसने अरविंद के सिर पर पत्थर मार दिया। इसके बाद घायल अवस्था में ही उसे तालाब में फेंककर अपने घर चली गई।
बदला लेने के लिए पीछा किया था पुलिस की गिरफ्त में आई महिला गणेशी बाई ने पूछताछ के बताया कि दोनों की एक बेटी भी है। हम मजदूरी करते थे और अक्सर साथ में शराब पीया करते थे। घटना वाली रात (15 जून) को मैंने अरविंद को मेरे पास ही रूकने के लिए कहा था। वह नहीं माना। जिद करने पर उसने गाली-गलौच करते हुए मारपीट कर दी।
यही नहीं घर से बाहर भी उसने सबके सामने पीटा था। इसी का बदला लेने के लिए घर से उसका पीछा किया था। जैसे ही वह तालाब के पास पहुंचा तो उसके सिर पर पत्थर मारकर उसे तालाब में फेंक दिया।
आधारताल थाने के एसआई दीपक मंडलोई ने बताया-
हत्याकांड पूरी तरह से ब्लाइंड था। आरोपी तक पहुंचना मुश्किल था। यही वजह है कि घटनाक्रम के आसपास कई लोगों से पूछताछ की। पता चला कि पति-पत्नी का विवाद हुआ था। जांच में सामने आया कि पत्नी गनेशी बाई ने पति के सिर पर पत्थर मारकर हत्या की है। फिर शव को तालाब में फेंक दिया।




