शादी के ठीक एक दिन पहले युवती को गांव का ही एक युवक भगाकर ले गया, जिससे सागर जिले के सानौधा गांव में शनिवार को तनाव के हालात बन गए। मामला 2 समुदायों से जुड़ा होने के कारण देखते ही देखते हालात बिगड़ गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक के घर और दुकानों में तोड़फोड़ कर आगजनी कर दी। पथराव में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
आज रविवार को हालात तो कंट्रोल में हैं, लेकिन गांव में अब भी स्थिति तनावपूर्ण है। जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है। एसडीएम अदिति यादव सहित दूसरे राजस्व अधिकारी मौके पर हैं। इधर, ग्रामीण लगातार युवती को वापस लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पुलिस से कर रहे हैं।
वहीं, ग्वालियर पुलिस ने शनिवार देर रात रेलवे स्टेशन से सागर के इस प्रेमी जोड़े को पकड़कर निगरानी में लिया है। इस मामले में सागर एसपी ने ग्वालियर एसएसपी से मदद मांगी थी। जिसके बाद पुलिस अलर्ट पर थी।
पड़ाव थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि जैसे ही युवक-युवती यहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें निगरानी में ले लिया। पुलिस ने दोनों की जानकारी सागर पुलिस को दी।
देखिए दो तस्वीरें


युवक-युवती को ग्वालियर से सागर लाया गया पुलिस ग्वालियर से युवक-युवती को लेकर रविवार को सागर पहुंची। महिला थाने में युवती के बयान लिए गए। एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया है। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच में लिया गया है।




