भोपाल के बंगरसिया स्थित सेंट्रल स्कूल में रविवार को सीबीएसई की ओर से एलडीसी पद पर भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। जहां एक सालवर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है। आरोपी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने आया था।
फिंगरप्रिंट मिसमैच होने के बाद चेकिंग स्टाफ की नजर में आया। तत्काल उसे पुलिस के हवाले किया गया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
पंच किया तो फिंगरप्रिंट मिसमैच हो गए
टीआई मनीष राज सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी सोनू यादव पटना बिहार का रहने वाला है। वह बबलेश मीणा निवासी दौसा राजस्थान के स्थान पर सीबीएसई की एलडीसी परीक्षा देने आया था। सेंट्रल स्कूल बंगरसिया में आयोजित इस परीक्षा में प्रवेश से पहले उसकी तस्दीक की गई। बायोमैट्रिक्स में फिंगर लगाने का कहा तो आरोपी बहानेबाजी करने लगा।
जब उसने पंच किया तो फिंगरप्रिंट मिसमैच हो गए। पूछताछ करने पर उसने स्टाफ को गुमराह करने का प्रयास किया। अधिक पूछताछ करने पर भागने का प्रयास किया। हालांकि उसे पकड़कर ड्यूटी में तैनात पुलिस स्टाफ के हवाले किया गया। जिसके बाद थाने लाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।
असल नाम तक बताने को तैयार नहीं था
आरोपी सोनू यादव की तलाशी में उसके पास से उसकी पहचान का कोई दस्तावेज नहीं मिला। तमाम प्रयासों के बाद भी उसने अपनी असल पहचान तक नहीं बताई।
बाद में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। तब उसने अपना नाम सोनू यादव बताया। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। हालांकि दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के एवज में उसे कितना पैसा मिला, इस बात की जानकारी उसने नहीं दी है।




