भोपाल में इवनिंग वॉक पर निकले बुजुर्ग के हाथ से मोबाइल झपटने का मामला सामने आया है। घटना 20 अप्रैल की शाम की है। पुलिस ने फरियादी से आवेदन लेकर जांच की, जिसके बाद मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एफआईआर दर्ज की गई है।
फिलहाल आरोपियों का सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पिपलानी थाना पुलिस ने बताया कि 71 साल के सुदर्शन शर्मा भवानी धाम कॉलोनी में रहते हैं। रोजाना की तरह घटना के दिन भी शाम करीब साढ़े छह बजे वह पैदल टहलते हुए छत्रसाल नगर से गुजर रहे थे। इसी बीच बाइक सवार तीन बदमाश उनके नजदीक पहुंचे और हाथ में लिया मोबाइल फोन छीनकर भाग निकले।
पुलिस कर रही पूछताछ
इसके बाद बुजुर्ग ने थाने में शिकायत की थी। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार की रात सुदर्शन को थाने बुलाया और उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज की। पुलिस क्षेत्र के पुराने लुटेरों से झपटमारी के संबंध में पूछताछ कर आरोपियों का सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।




