इंदौर के अन्नपूर्णा क्षेत्र में जैन मंदिर से प्रवचन सुनकर घर लौट रही महिला के साथ लूट की वारदात हो गई। बाइक सवार बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद महिला घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
चेन लूटकर फरार हुए बदमाश, फुटेज खंगाल रही पुलिस
अन्नपूर्णा पुलिस के अनुसार, नेमीनगर जैन कॉलोनी निवासी सुलेखा जैन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि वह नेमीनाथ जैन मंदिर में प्रवचन सुनने गई थीं। प्रवचन समाप्त होने के बाद जब वह घर लौट रही थीं, तो रास्ते में सब्जी लेने के लिए रुकीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। आगे बाइक रोककर एक बदमाश पीछे की सीट से उतरा और उनके गले से चेन झपट ली।
महिला के चिल्लाने से पहले ही बदमाश बाइक सहित फरार हो गए। बाद में उन्होंने घर पहुंचकर परिवार को घटना की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, एक बदमाश ने नारंगी रंग की हुडी पहनी थी, जबकि चेन झपटने वाले ने सफेद टी-शर्ट पहनी हुई थी। पुलिस को घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं और आरोपियों की तलाश में टीमें जुटी हैं।
डिलीवरी बॉय के भाई से मोबाइल लूटा
द्वारकापुरी क्षेत्र में भी लूट की एक और घटना सामने आई है। बुधवार शाम को शरद दुबे, निवासी गीतानगर, पुलिस थाने पहुंचा और बताया कि वह ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता है।
6 फरवरी की शाम को वह अपने छोटे भाई रविशंकर दुबे के साथ रंजीत हनुमान मंदिर के पास की गली से गुजर रहा था। इसी दौरान स्कीम नंबर 71 की ओर से आए बाइक सवार बदमाशों ने रविशंकर के हाथ से मोबाइल झपट लिया और तेजी से फरार हो गए।
आरोपियों के पास सीडी डीलक्स बाइक थी। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित ने घर पर इस घटना की जानकारी नहीं दी थी। बाद में पिता के पूछने पर दोनों भाइयों ने लूट की बात बताई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद टीआई राहुल राजपूत ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




